रांची : झारखंड टाइल्स मार्बल एसोसिएशन की ओर से रविवार को होटल रमाडा में स्थापना दिवस और दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में विधायक सीपी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का औपचारिक गठन एवं पदाधिकारियों का पदस्थापन, साथ ही टाइल्स, मार्बल एवं इससे जुड़े व्यवसायियों को एक साझा मंच पर लाकर आपसी एकता, सहयोग और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करना था। कार्यक्रम में एसोसिएशन के नवनियुक्त अध्यक्ष अनूप अग्रवाल के नेतृत्व में नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष हर्ष गरोड़िया एवं सोनू जालान, सचिव अरुण भारतीय, संयुक्त सचिव सुदीप राजगारिया एवं संचीत जाजोदिया, कोषाध्यक्ष मुकेश भारतीय तथा जनसंपर्क पदाधिकारी (PRO) हर्षित भदानी सहित कार्यकारिणी के अन्य सदस्य शामिल हुए। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करना नहीं, बल्कि झारखंड के टाइल्स एवं मार्बल व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों को एक मजबूत मंच प्रदान करना है। एसोसिएशन व्यापारियों की समस्याओं को सामूहिक रूप से उठाने, आपसी सहयोग बढ़ाने, व्यापारिक अवसरों का विस्तार करने तथा उद्योग के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करेगा। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी का स्वागत, आपसी परिचय, नेटवर्किंग एवं सौहार्दपूर्ण संवाद के साथ दीपावली मिलन समारोह, रात्रिभोज एवं मनोरंजन के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।



