टीवी अभिनेता अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया. बताया जा रहा है कि सोते समय उन्हें दौरा पड़ा था. उनके दोस्त ने भावुक पोस्ट साझा किया. मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है. टीवी अभिनेता अनुज ठाकुर का 27 अक्टूबर को महज 33 साल की उम्र में निधन हो गया. उनके अचानक चले जाने से परिवार, दोस्त और टीवी इंडस्ट्री के कलाकार सदमे में हैं. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता को सोते समय दौरा पड़ा था. हालांकि, उनके निधन की परिस्थितियों को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

मां ने सुबह कमरे में देखा तो उड़ गए होश
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुबह जब अनुज के मोबाइल का अलार्म बजा तो उनकी मां उन्हें देखने कमरे में पहुंचीं. वहां उन्होंने बेटे को बेहोशी की हालत में पाया. बताया जा रहा है कि अनुज रात में सोए थे और सुबह नहीं उठे. इस खबर ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

दोस्त ने भावुक पोस्ट लिखकर दी जानकारी
अनुज के निधन की खबर उनके दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रुपेश सोनार ने इंस्टाग्राम पर साझा की. उन्होंने बताया कि निधन से महज 10 दिन पहले ही उनकी अनुज से मुलाकात हुई थी. रुपेश ने लिखा कि उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि अनुज उनके बीच नहीं हैं. उन्होंने अभिनेता को अपना दोस्त ही नहीं, बल्कि छोटा भाई बताया. दोनों ने साथ में कई प्रोजेक्ट करने की योजनाएं भी बनाई थीं.
इन टीवी शोज में नजर आए थे अनुज
अनुज ठाकुर ने छोटे पर्दे पर कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया था. उन्हें ‘धूम मचाओ धूम’, ‘बंधन साथ जनमों का’, ‘बिंद बनूंगा घोड़ी चढ़ूंगा’ और ‘महिसागर’ जैसे टीवी शोज में देखा गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अभिनय की दुनिया में दोबारा वापसी करने की तैयारी में थे.
आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट भी चर्चा में
अनुज की मौत के बाद उनकी दक्षिण अफ्रीका यात्रा की आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट भी चर्चा में है. प्रशंसक उनकी तस्वीरों और पुरानी यादों को साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.


