रांची: पर्यावरण को बचाने की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है। हमारी रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतें भी प्रकृति को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं। इसी संदेश के साथ सोमवार को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह-2026 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने अधिकारियों, सदस्यों और बच्चों के साथ पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि किस तरह दैनिक जीवन में छोटे बदलाव अपनाकर प्राकृतिक संसाधनों को बचाया जा सकता है।
पर्यावरण बचाने के बताए गए 7 संकल्प
कार्यक्रम के दौरान निदेशक ने पर्यावरण संरक्षण के सात महत्वपूर्ण संकल्पों की जानकारी दी। इनमें स्वस्थ जीवनशैली अपनाना, बिजली और ऊर्जा की बचत करना, पानी का संरक्षण, सतत भोजन को बढ़ावा देना, सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी बनाना, ई-कचरे का सही प्रबंधन और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखना शामिल है।
उन्होंने बच्चों और उपस्थित लोगों से इन सात संकल्पों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
छोटे प्रयासों से सुरक्षित होगा भविष्य
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान यह संदेश दिया गया कि अगर हर व्यक्ति अपनी आदतों में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
एयरपोर्ट पर आयोजित इस जागरूकता सत्र के जरिए बच्चों को भी प्रकृति के महत्व और आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।


