मारंगहादा थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म का मामला, महिला थाना में पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज, पुलिस की छापेमारी जारी

खूंटी: खूंटी जिले में नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है. मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 03 नवंबर 2026 को सुबह करीब 05:50 बजे दो नाबालिग लड़कियों ने अपने साथ हुए दुष्कर्म की घटना के संबंध में जानकारी दी. पीड़िताओं के बयान के आधार पर बताया गया कि चार लड़कों द्वारा उन्हें घर पहुंचाने के बहाने मारंगहादा थाना क्षेत्र के गाड़ीगांव, बाड़ेड़ीह टोला के विभिन्न स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म किया गया. घटना के बाद एक अन्य नाबालिग लड़की को खूंटी में लाकर छोड़ दिया गया.
मामले में महिला थाना प्रभारी निशा कुमारी द्वारा पीड़िता का बयान दर्ज करते हुए महिला थाना कांड संख्या 18/26, दिनांक 03.11.2026 के तहत धारा 65/61/126(2)/3(5) बीएनएस एवं 04/06 पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई.
वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मारंगहादा थाना एवं महिला थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान दो नामजद आरोपियों गोपाल मुंडा उर्फ राहुल उर्फ चुड़ू (19 वर्ष) और मनीष लोहरा (18 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया. वहीं एक नाबालिग आरोपी मनसा टूटी उर्फ टाना को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है. पुलिस ने नाबालिग लड़की को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया है.
पुलिस के अनुसार, मामले के अन्य आरोपी पिंगु एवं प्रभुसहाय की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य एवं अन्य सामग्री भी बरामद की है, जिनमें एक स्कूटी, दो KTM बाइक, तीन मोबाइल फोन तथा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए वस्त्र शामिल हैं.
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रभात कुमार बेक, महिला थाना प्रभारी निशा कुमारी, मारंगहादा थाना प्रभारी जुमेश कुमार, खूंटी थाना के कुंदन कुमार, महिला थाना के सशस्त्र बल एवं मारंगहादा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है.


