झारखंड की राजनीति में अपनी ताकत दिखाएगी आजसू, सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं को दिया नया टारगेट

झारखंड में मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी आजसू पार्टी: सुदेश महतो का बड़ा ऐलान, रांची जिला समिति की बैठक में संगठन विस्तार और जनमुद्दों पर हुई चर्चा।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड की राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए आजसू पार्टी ने संगठन विस्तार की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि आजसू पार्टी राज्य में एक मजबूत, जवाबदेह और जनहित से जुड़ा राजनीतिक विकल्प बनकर उभरेगी।

बुधवार को रांची के हरमू स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में रांची जिला समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुदेश कुमार महतो मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन से लेकर अलग राज्य के निर्माण तक आजसू पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब पार्टी झारखंड के भविष्य और खासकर युवाओं के बेहतर भविष्य को लेकर आगे बढ़ेगी। उन्होंने संगठन में युवाओं को अधिक अवसर और जिम्मेदारी देने पर भी जोर दिया।

सभी प्रखंडों में होगा संगठन का पुनर्गठन

बैठक के बाद पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि रांची जिले के सभी प्रखंडों में संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके लिए इसी महीने प्रखंड स्तर पर सम्मेलन आयोजित होंगे। इन सम्मेलनों में मुख्य संगठन के साथ छात्र आजसू, युवा आजसू और महिला आजसू की भी अलग-अलग बैठकें होंगी।

उन्होंने बताया कि संगठन में नई पीढ़ी के युवाओं को आगे लाने और उन्हें जिम्मेदारी सौंपने की योजना है। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग प्रखंडों का प्रभारी बनाया गया है।

जनमुद्दों पर सरकार को घेरेगी आजसू

बैठक में राज्य के विभिन्न जनमुद्दों पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार की घोषणाओं और चुनावी वादों को लेकर सवाल उठाए। मंईयां योजना, विकास कार्यों, प्रखंड और अंचल कार्यालयों में कथित भ्रष्टाचार और रांची नगर निगम की कार्यप्रणाली जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

पार्टी ने निर्णय लिया है कि इन समस्याओं को लेकर जिला से लेकर पंचायत स्तर तक आंदोलन और जनसंवाद तेज किया जाएगा। झारखंड की अस्मिता, अधिकार, विकास और युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों पर भी संघर्ष किया जाएगा।

ट्रैफिक चालान के मुद्दे पर राज्यपाल से मिलेगी आजसू

बैठक में दुर्गापूजा के दौरान रांची में बड़े पैमाने पर ट्रैफिक चालान काटे जाने का मुद्दा भी उठा। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि पर्याप्त यातायात व्यवस्था किए बिना आम लोगों पर भारी जुर्माना लगाया गया।

आजसू नेताओं का कहना है कि प्रशासन की पहली जिम्मेदारी शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इस मुद्दे को लेकर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा।

बैठक में पार्टी के कई केंद्रीय पदाधिकारी, जिला परिषद के प्रतिनिधि, महिला आजसू, युवा आजसू और छात्र आजसू के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आजसू पार्टी ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में संगठन विस्तार के साथ जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ाई जाएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।