पलामू में भाजपा बूथ अध्यक्ष पर हमले से गरमाई सियासत, आदित्य साहू ने दी थाना घेराव की चेतावनी

पलामू में भाजपा बूथ अध्यक्ष संजय यादव पर हमले के बाद गरमाई सियासत; प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर थाना घेराव की चेतावनी दी।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू: पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र में भाजपा बूथ अध्यक्ष संजय यादव के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू रिम्स अस्पताल पहुंचे और इलाजरत संजय यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

बताया जा रहा है कि पतरियाडीह गांव निवासी संजय यादव को उनके घर से अगवा कर करीब चार किलोमीटर दूर ले जाया गया, जहां उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस हमले में उनकी पसली टूट गई है और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना पर नाराजगी जताते हुए आदित्य साहू ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय यादव को बबलू सिंह, शफीक अंसारी, हेमंत कुमार और शकील अंसारी ने अगवा कर मारपीट की। उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को डराने-धमकाने तथा उनका शोषण करने की घटनाएं किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पलामू पुलिस से मामले में नामजद चारों आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो भाजपा कार्यकर्ता संबंधित थाना और पलामू एसपी कार्यालय का घेराव करेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी पीड़ित बूथ अध्यक्ष को न्याय दिलाने के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होने तक आवाज उठाती रहेगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।