जमशेदपुर : कदमा के बीएच एरिया रोड नंबर-11 स्थित टाटा स्टील के क्वार्टर संख्या एल-5/125 में आग लगने की घटना के बाद टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन सक्रिय हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी उर्फ टुन्नु खुद कर्मचारी घनश्याम प्रसाद के आवास पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने आग से हुए नुकसान का जायजा लेते हुए कर्मचारी को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
इसके बाद यूनियन अध्यक्ष ने टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) के एमडी अतुल भटनागर से फोन पर बातचीत की और प्रभावित क्वार्टर की जल्द मरम्मत कराने का आग्रह किया। यूनियन अध्यक्ष की पहल के बाद टाटा स्टील यूआईएसएल की टीम मौके पर पहुंची और आवास को दोबारा दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया।

बताया जाता है कि कर्मचारी घनश्याम प्रसाद के क्वार्टर में आग लगने की सूचना टाटा स्टील के डब्ल्यूआरएम विभाग के कमेटी मेंबर रणबीर सिंह को मिली थी। उन्होंने तत्काल यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु से संपर्क कर राहत एवं बचाव कार्य कराने का आग्रह किया। इसके बाद अध्यक्ष स्वयं मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, क्वार्टर के बरामदे में खड़ी मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई थी। आशंका जताई जा रही है कि दीपावली के दौरान छोड़े गए पटाखे या किसी अन्य कारण से आग लगी होगी। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। हालांकि, करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, टाटा स्टील यूआईएसएल की टीम प्रभावित क्वार्टर को फिर से रहने योग्य बनाने में जुटी हुई है।



