जमशेदपुर: शहर के कदमा लिंक रोड स्थित टीसी कॉलोनी में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 60 से 70 वर्षीय एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान बेलडीह ग्राम बस्ती निवासी समधार नाग के रूप में हुई है। वह को-ऑपरेटिव कॉलेज के पास रहते थे। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक स्थान पर शव पड़ा देखा। इसके बाद मृतक की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर मृतक की साइकिल और चप्पल अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले, जबकि शव दूसरी जगह बरामद हुआ। इस स्थिति को देखते हुए परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।

परिजनों के अनुसार, सोमवार को इसी टीसी कॉलोनी इलाके में मृतक का दो महिलाओं के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों को आशंका है कि इसी विवाद के बाद उनके साथ कोई अप्रिय घटना हुई हो सकती है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।



