संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी काव्या मारन शादी के बंधन में बंध गए हैं. दोनों ने बुधवार, 11 नवंबर को ग्रीस में एक निजी समारोह में सात फेरे लिए. इस खास मौके पर परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों की मौजूदगी में दोनों ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की. उनकी शादी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है.

शादी की पहली तस्वीर ने खींचा सबका ध्यान
शादी के बाद अनिरुद्ध रविचंदर ने अपने इंस्टाग्राम खाते पर पत्नी काव्या मारन के साथ पहली तस्वीर साझा की. तस्वीर में दोनों साथ चलते हुए बेहद खूबसूरत नजर आ रहे हैं. इस खास तस्वीर के साथ संगीतकार ने लिखा, “मेरा जिंदगी में एक बार मिलने वाला प्यार, जिंदगी भर के लिए. 11.11.” उनका यह रोमांटिक संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया है. प्रशंसक नवविवाहित जोड़े को शादी की शुभकामनाएं दे रहे हैं.

एक दिन पहले सगाई की आई थी खबर
अनिरुद्ध और काव्या की शादी से ठीक एक दिन पहले, मंगलवार को दोनों की सगाई की खबरें सामने आई थीं. इसके बाद बुधवार को ग्रीस में हुई निजी शादी ने प्रशंसकों को चौंका दिया. दोनों ने अपने इस खास दिन को ज्यादा प्रचार से दूर रखते हुए निजी समारोह के रूप में मनाने का फैसला किया. हालांकि, शादी की तस्वीर सामने आने के बाद यह जोड़ी मनोरंजन और खेल जगत में चर्चा का विषय बन गई है.
चेन्नई में होगा भव्य शादी का रिसेप्शन
खबरों के मुताबिक, अनिरुद्ध और काव्या अपनी शादी का भव्य रिसेप्शन चेन्नई में आयोजित करने वाले हैं. इसके लिए 21 नवंबर की तारीख तय होने की जानकारी सामने आई है. इस समारोह में फिल्म, संगीत और क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है. फिलहाल प्रशंसकों को इस नए जोड़े की और तस्वीरों का इंतजार है.


