वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई तैयारियों की समीक्षा
डीसी और एसपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी एसडीओ, बीडीओ, सीओ और नगर निकाय के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर चर्चा हुई।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि घाटों पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए। नदी और तालाबों में जहां पानी अधिक गहरा है, वहां डेप्थ मार्किंग कराई जाए, ताकि श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी में न पहुंचें।
घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसी और एसपी ने प्रमुख छठ घाटों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रखने को कहा गया।
दोनों अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने का निर्देश दिया, ताकि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
तीन प्रमुख छठ घाटों का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद डीसी और एसपी खुद मेदिनीनगर शहर के प्रमुख छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने सिंगरा स्थित अमानत नदी घाट, टाउन हॉल के समीप कोयल नदी घाट और पम्पूकल नदी तट का निरीक्षण किया।
इस दौरान घाटों की स्थिति, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के मौके पर नगर आयुक्त रंजीत लाल, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सदर एसडीओ संजय पांडेय, सदर सीओ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान सभी घाटों पर सुरक्षा और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।


