रांची: झारखंड के राजनीतिक गलियारों से एक बेहद सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है। सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक 14 वर्षीय नाबालिग आदिवासी बच्ची के साथ दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले के सामने आते ही राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है। पीड़िता की ओर से POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने के लिए पुलिस को ऑनलाइन आवेदन दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता सिमडेगा जिले की रहने वाली एक अनाथ नाबालिग है। आरोप है कि मई 2026 में दो महिलाएं उसे पढ़ाई-लिखाई और स्कूल में नामांकन कराने का झांसा देकर पहले सिमडेगा और फिर रांची स्थित विधायक आवास लेकर आईं। यहां उससे जबरन घरेलू काम कराया जाने लगा।

पीड़िता का आरोप है कि रांची और सिमडेगा दोनों ही आवासों में उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता था। काम में जरा सी भी देरी होने पर उसे बेरहमी से पीटा जाता, गंदी गालियां दी जातीं और भरपेट खाना तक नहीं दिया जाता था।
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 5 अगस्त 2026 को जब वह रांची के विधायक आवास संख्या-12 में थी, तब दोपहर के वक्त विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर उसका मुंह बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी विधायक ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे सहमी हुई बच्ची किसी तरह अगले दिन सुबह अपने गांव सिमडेगा वापस लौट आई। गांव लौटने के बाद मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के कारण उसकी स्थिति लगातार बिगड़ने लगी।
न्याय की गुहार लगा रही है पीड़िता
अनाथ होने के बावजूद इस नाबालिग बच्ची ने हिम्मत जुटाई है और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उसने पुलिस से मांग की है कि POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी विधायक और इस घिनौने कृत्य में सहयोग करने वाली दोनों महिलाओं के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


