रांची: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर शुक्रवार को उनकी जन्मस्थली उलिहातू से राष्ट्रीय जनजातीय गौरव यात्रा की शुरुआत हुई। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, नीलकंठ सिंह मुंडा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया। उलिहातू में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के स्मृति स्थल पर पारंपरिक तरीके से श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। अर्जुन मुंडा, नीलकंठ सिंह मुंडा और भाजपा के अन्य नेता पारंपरिक जनजातीय परिधान और गमछे में स्मृति स्थल पर नमन करते नजर आए। इस दौरान लोगों ने धरती आबा के आदर्शों और उनके ऐतिहासिक उलगुलान को याद किया।

उलिहातू से रांची तक निकलेगी तीन दिवसीय यात्रा
13 से 15 नवंबर तक चलने वाली राष्ट्रीय जनजातीय गौरव यात्रा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से शुरू होकर रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल तक पहुंचेगी। करीब 73 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का मकसद भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को लोगों तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर जनजातीय समाज के लोग और कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसी के साथ तीन दिवसीय यात्रा का समापन होगा।

जनजातीय गौरव दिवस पर देश याद करता है भगवान बिरसा मुंडा को
भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। उन्होंने अंग्रेजी शासन के शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐतिहासिक उलगुलान का नेतृत्व किया था। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष आज भी जनजातीय समाज के लिए प्रेरणा बना हुआ है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। इसका उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और समाज के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देना है।


