सफाई के लिए 1200 से अधिक सफाईकर्मी तैनात
नगर निगम ने शहर के सभी 72 छठ घाटों और वहां तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की सफाई के लिए 1200 से अधिक सफाई मित्रों को लगाया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत 200 अतिरिक्त श्रमिकों की भी तैनाती की गई है।
सफाई अभियान के तहत घाटों पर कचरा हटाने, झाड़ू लगाने, घास काटने और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है।
63 कृत्रिम घाटों की भी हो रही तैयारी
प्रमुख छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और दबाव कम करने के लिए शहर में 63 कृत्रिम घाट तैयार किए जा रहे हैं। यहां साफ-सफाई के साथ जरूरत के अनुसार पानी भरने की व्यवस्था भी की जा रही है। इससे श्रद्धालु अपने आसपास के घाटों पर ही पूजा कर सकेंगे।
व्रतियों के लिए बनाए जा रहे 501 चेंजिंग रूम
छठव्रतियों की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए प्रमुख घाटों पर 501 अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए जा रहे हैं। वहीं, गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है।
नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं को सतर्क करने के लिए 200 से अधिक चेतावनी बोर्ड और बैनर भी लगाए जा रहे हैं। इन पर गहरे पानी वाले स्थानों को लेकर स्पष्ट सूचना दी जाएगी।
रोशनी के लिए 1508 अतिरिक्त लाइटें लगेंगी
सुबह और शाम के अर्घ्य के दौरान घाटों पर पर्याप्त रोशनी रहे, इसके लिए नगर निगम विशेष इंतजाम कर रहा है। शहर के 83 स्थानों पर कुल 1508 अतिरिक्त लाइटें लगाई जा रही हैं। इसके अलावा बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए 88 जनरेटर की व्यवस्था की गई है।
नगर निगम का प्रयास है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और रोशनी समेत सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


