Koderma News: झारखंड के कोडरमा में नकली घी बनाने के कारोबार का खुलासा हुआ है। तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 स्थित ताराटांड़ में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली घी और इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाला डालडा बरामद किया है। मौके से घी के डिब्बों पर लगाने वाले गाय के टैग भी मिले हैं। आशंका है कि इन टैगों के जरिए नकली घी को असली गाय के घी के नाम पर बाजार में बेचने की तैयारी थी।

डालडा से नकली घी बनाने की सूचना पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग को काफी समय से ताराटांड़ में डालडा से नकली घी बनाने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार और पुलिस की संयुक्त टीम ने रवि श्रीवास्तव के ठिकाने पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तैयार नकली घी और उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि बरामद सामग्री की जांच की जा रही है। इसके नमूने भी जांच के लिए भेजे जाएंगे। बताया जाता है कि इस ठिकाने पर पहले भी नकली घी बनाने की शिकायत मिली थी और वर्ष 2016 में भी यहां छापेमारी हुई थी। फिलहाल पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।


