छठ को लेकर धनबाद की फल मंडी में बढ़ी रौनक, जानिए केला, सेब और संतरे के ताजा भाव

लोक आस्था के महापर्व छठ पर धनबाद की फल मंडी में बढ़ी रौनक, आंध्र प्रदेश, कश्मीर और नागपुर से पहुंची फलों की भारी खेप; जानिए ताजा थोक भाव।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर धनबाद के बरवाअड्डा कृषि बाजार समिति में चहल-पहल बढ़ गई है। छठ पूजा में चढ़ाए जाने वाले फलों की खरीदारी के लिए सुबह से ही मंडी में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। मांग को देखते हुए दूसरे राज्यों से बड़ी मात्रा में फलों की खेप धनबाद पहुंच रही है।

आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल से केला, कश्मीर से सेब और नागपुर से संतरा मंडी में आ रहा है। धनबाद के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड के दूसरे जिलों से भी खुदरा कारोबारी यहां खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।

मंडी में फलों की बंपर आवक

थोक मंडी में इस बार फलों की अच्छी आवक देखने को मिल रही है। कारोबारियों के अनुसार, संतरे की करीब 15 से 20 गाड़ियां और सेब की लगभग 110 गाड़ियां मंडी पहुंच चुकी हैं। हालांकि, मांग और गुणवत्ता के आधार पर फलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी है।

जानिए फलों के थोक भाव

मंडी में केले की कीमत गुणवत्ता और घौद के आकार के अनुसार 300 से 500 रुपये तक है। वहीं, 26 से 27 किलो संतरे की पेटी 1500 से 1800 रुपये में बिक रही है। अच्छी गुणवत्ता वाले कश्मीरी सेब की पेटी का भाव 700 से 750 रुपये तक बताया जा रहा है।

इसके अलावा अमेरिकन सेब 500 से 700 रुपये और अनार की पेटी 800 से 1700 रुपये तक बिक रही है। संतरे की दूसरी किस्मों के भाव भी गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग हैं।

छठ पर्व को देखते हुए हजारीबाग समेत आसपास के जिलों के फल विक्रेता भी धनबाद मंडी पहुंच रहे हैं। टाटीझरिया से खरीदारी करने आए दीपक के मुताबिक, केले की कीमत 350 से 500 रुपये और कश्मीरी सेब की पेटी 650 से 750 रुपये तक मिल रही है।

छठ के करीब आते ही बढ़ेगी मांग

छठ महापर्व में केला, सेब, संतरा और अनार जैसे फलों का विशेष महत्व होता है। यही वजह है कि त्योहार के दौरान इनकी मांग काफी बढ़ जाती है। कारोबारी भी ग्राहकों के बजट और पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग कीमतों और गुणवत्ता के फल उपलब्ध करा रहे हैं।

फिलहाल धनबाद की कृषि मंडी में फलों का कारोबार तेज है। दूसरे राज्यों से लगातार खेप पहुंच रही है। अब त्योहार के नजदीक आने के साथ बाजार में मांग और कीमतों का रुख क्या रहता है, इस पर कारोबारियों और खरीदारों की नजर बनी हुई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।