झारखंड स्थापना दिवस और सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर 15 नवंबर से होंगे कार्यक्रम, पूजा सिंघल को मिली आयोजन समिति की कमान

झारखंड स्थापना दिवस 2026 और हेमंत सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर 15 से 28 नवंबर तक राज्यभर में भव्य कार्यक्रम होंगे, जिसकी आयोजन समिति की कमान पूजा सिंघल को सौंपी गई है।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस और हेमंत सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर राज्यभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने उच्चस्तरीय आयोजन-सह-समन्वय समिति का गठन किया है। 12 नवंबर को मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया।

समिति की अध्यक्षता सूचना, प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग की सचिव पूजा सिंघल को सौंपी गई है। वहीं, आयोजन की समग्र निगरानी की जिम्मेदारी अपर मुख्य सचिव सह विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह और मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल को दी गई है।

कई वरिष्ठ अधिकारी समिति में शामिल

आयोजन को सफल बनाने के लिए गठित समिति में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है। इनमें ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार शामिल हैं।

इसके अलावा रांची के उपायुक्त मंजुनाथ भजन्त्री, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव, अनन्य मित्तल और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा को भी समिति में शामिल किया गया है।

15 नवंबर से शुरू होंगे कार्यक्रम

सरकार की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 नवंबर से 28 नवंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में आयोजन किए जाएंगे। इसकी शुरुआत स्वच्छता दौड़ और सफाई अभियान से होगी।

15 नवंबर को सुबह 7 बजे से 8 बजे तक सभी जिलों में स्वच्छता दौड़ आयोजित की जाएगी। इसकी शुरुआत प्रमुख स्थलों और चौराहों से होगी। दौड़ के बाद विभिन्न जिलों में प्रमुख छठ घाटों की सफाई की जाएगी।

पंचायत से राज्य स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं

17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में राज्यस्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

खेलगांव में लगेगा मेला और प्रदर्शनी

26 से 28 नवंबर तक रांची के खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों की ओर से विकास कार्यों और योजनाओं से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी।

हेमंत सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कई नई विकास योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और शुभारंभ किया जाएगा।

इसके साथ ही योग्य लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करने की भी तैयारी की जा रही है।

सरकार की ओर से सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।