पलामू में पुराने नोट-सिक्कों के नाम पर साइबर ठगी का नया खेल, RBI अधिकारी बनकर लाखों की लगा रहे चपत

पलामू जिले में साइबर अपराधियों ने पुराने नोट और दुर्लभ सिक्कों के नाम पर ठगी का नया जाल बिछाया है, खुद को आरबीआई अधिकारी बताकर लोगों से लाखों रुपये वसूले जा रहे हैं।

Razi Ahmad
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू: झारखंड के पलामू जिले में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाया है। अब पुराने नोट और दुर्लभ सिक्कों को लाखों रुपये में खरीदने का लालच देकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। ठग खुद को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का अधिकारी या एजेंट बताकर लोगों को फोन और व्हाट्सएप मैसेज भेज रहे हैं। इसके बाद रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर मोटी रकम वसूल रहे हैं।

पिछले एक महीने के दौरान पलामू साइबर थाना और जिले के विभिन्न थानों में इस तरह की ठगी के छह से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में गिरोह के तार झारखंड के बाहर से जुड़े होने की जानकारी मिली है।

पुराने नोट और सिक्कों को लाखों में बेचने का लालच

ठगी की शुरुआत एक फोन कॉल या व्हाट्सएप मैसेज से होती है। साइबर अपराधी लोगों से पूछते हैं कि उनके पास कोई पुराना नोट या सिक्का है या नहीं। व्यक्ति के हामी भरने पर उससे नोट या सिक्के की तस्वीर मंगाई जाती है।

इसके बाद ठग उस नोट या सिक्के की कीमत लाखों रुपये बताकर मोटी रकम मिलने का झांसा देते हैं। भरोसा जीतने के लिए वे खुद को RBI का कर्मचारी या अधिकृत एजेंट बताते हैं। फिर रजिस्ट्रेशन, दस्तावेज सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर पैसे मांगने लगते हैं।

केस स्टडी-1: पांच रुपये के पुराने नोट के बदले 30 लाख का लालच

पलामू के नावा बाजार थाना क्षेत्र के कंडा निवासी एक व्यक्ति इस गिरोह का शिकार बना। उसके पास पांच रुपये का एक काफी पुराना नोट था। साइबर अपराधियों ने RBI के नाम पर व्हाट्सएप मैसेज भेजकर नोट के बारे में जानकारी मांगी।

इसके बाद ठगों ने नोट का सैंपल और रजिस्ट्रेशन कराने को कहा। उन्होंने दावा किया कि पांच रुपये के उस पुराने नोट के बदले उसे 30 लाख रुपये मिलेंगे।

विश्वास दिलाने के लिए अपराधियों ने वीडियो कॉल कर नोटों की गड्डियां भी दिखाईं। इसके बाद अलग-अलग प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर पीड़ित से कुल 4.62 लाख रुपये वसूल लिए गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पलामू साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।

केस स्टडी-2: पुराने सिक्के के नाम पर 90 हजार की ठगी

इसी तरह पाटन थाना क्षेत्र के एक अन्य व्यक्ति को भी साइबर अपराधियों ने फोन किया। ठगों ने पुराने सिक्के की अच्छी कीमत मिलने का लालच दिया और उसे अपनी बातों में फंसा लिया। इसके बाद अलग-अलग बहानों से उससे करीब 90 हजार रुपये ठग लिए गए।

झारखंड के बाहर से संचालित हो रहा गिरोह

पुलिस की जांच में सामने आया है कि पुराने नोट और सिक्कों के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का नेटवर्क झारखंड के बाहर से जुड़ा हुआ है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले में गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से ऐसे फोन कॉल और संदेशों से सतर्क रहने की अपील की है।

वहीं, सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि हाल के दिनों में पुराने नोट और सिक्कों के नाम पर ठगी की शिकायतें मिल रही हैं। अपराधी खुद को RBI का कर्मचारी या एजेंट बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही है।

पुलिस की लोगों से अपील

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पुराने नोट या सिक्के खरीदने-बेचने के नाम पर आने वाले अनजान कॉल और मैसेज पर भरोसा न करें। किसी भी व्यक्ति को रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग या अन्य शुल्क के नाम पर पैसे न भेजें। संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।