JAC Board Exam 2027: झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे लाखों विद्यार्थियों को इस बार अधिक परीक्षा शुल्क देना होगा। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा के शुल्क में 120 रुपये की बढ़ोतरी की है। लगातार दूसरे साल परीक्षा शुल्क बढ़ाए जाने से पिछले दो वर्षों में परीक्षा देना करीब 40 प्रतिशत तक महंगा हो गया है। इसका असर राज्य के 7.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर पड़ेगा। इस फैसले का अभिभावक संगठनों ने विरोध किया है।

गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ
परीक्षा शुल्क में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर अभिभावक संगठनों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले ज्यादातर विद्यार्थी मजदूर, किसान और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। ऐसे परिवारों के लिए पहले से ही बच्चों की पढ़ाई, किताबों और कॉपी का खर्च उठाना मुश्किल होता है। अब परीक्षा शुल्क बढ़ने से उनकी परेशानी और बढ़ेगी।

संगठनों ने राज्य सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को राहत देने की मांग की है। उनका कहना है कि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए परीक्षा शुल्क आम परिवारों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर तय किया जाना चाहिए।
12 नवंबर से शुरू हुई परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया
जैक की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, वर्ष 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हो गई है। विद्यार्थी निर्धारित तारीखों के भीतर परीक्षा फॉर्म भरकर शुल्क जमा कर सकते हैं।
परीक्षा फॉर्म भरने की महत्वपूर्ण तारीखें:
- बिना विलंब शुल्क: 12 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक।
- बैंक चालान से शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 30 नवंबर 2026।
- विलंब शुल्क के साथ आवेदन: 27 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक।
- लेट फाइन: नियमित परीक्षा शुल्क के अतिरिक्त 500 रुपये देने होंगे।
ऐसे में विद्यार्थियों को सलाह है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि अतिरिक्त विलंब शुल्क से बच सकें।


