रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा की फीस बढ़ाए जाने का विरोध शुरू हो गया है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने इस फैसले पर कड़ी नाराजगी जताते हुए झारखंड सरकार और JAC से फीस वृद्धि तत्काल वापस लेने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर फैसला वापस नहीं लिया गया, तो राज्यभर में छात्रों को एकजुट कर आंदोलन किया जाएगा।

AISA के राज्य सचिव त्रिलोकी नाथ ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी छात्रों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, लेकिन इसके उलट लगातार परीक्षा फीस बढ़ाई जा रही है। मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में परीक्षा फीस में करीब 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इसका सबसे ज्यादा असर गरीब, मजदूर और वंचित परिवारों के विद्यार्थियों पर पड़ेगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बढ़ी हुई फीस जमा करना मुश्किल हो सकता है।

उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के चलते पहले से ही शिक्षा महंगी होती जा रही है। ऐसे में राज्य सरकार की ओर से परीक्षा फीस बढ़ाना छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है। त्रिलोकी नाथ ने सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य के कई सरकारी स्कूलों में आज भी पर्याप्त शिक्षक, पुस्तकालय, खेल मैदान, बिजली और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। सरकार को फीस बढ़ाने के बजाय पहले इन कमियों को दूर करने पर ध्यान देना चाहिए। AISA ने एक बार फिर सरकार से मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा फीस में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की है। संगठन का कहना है कि शिक्षा को सुलभ बनाने के बजाय महंगा करना छात्र विरोधी कदम है। AISA ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने अपना फैसला नहीं बदला, तो राज्यभर में छात्रों को गोलबंद कर व्यापक प्रतिरोध आंदोलन शुरू किया जाएगा।


