Microsoft Server Down: माइक्रोसॉफ्ट की ग्लोबल सर्विस में आई अचानक तकनीकी खराबी का असर दुनिया भर में देखने को मिल रहा है। भारत में भी इस आउटेज ने एयरलाइन कंपनियों की सेवाओं को प्रभावित किया है। इंडिगो और आकासा एयर की ईमेल सपोर्ट सेवाएं बाधित हो गई हैं। हालांकि, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि दोनों एयरलाइंस की उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से जारी है।

इंडिगो की ईमेल सेवा प्रभावित, उड़ानों पर कोई असर नहीं
माइक्रोसॉफ्ट 365 में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण इंडिगो की ईमेल सपोर्ट सेवा प्रभावित हुई है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एडवाइजरी जारी कर बताया कि ग्राहकों की ओर से भेजे जा रहे ईमेल फिलहाल उस तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

इंडिगो ने साफ किया है कि इस समस्या का उड़ानों, टिकट बुकिंग और चेक-इन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है। यात्रियों को जरूरी सहायता के लिए एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर उपलब्ध वर्चुअल असिस्टेंट ‘6ई एसकेएआइ’ का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। चैट शुरू करने से पहले यात्रियों को अपना पीएनआर और बुकिंग से जुड़ी जानकारी तैयार रखने को कहा गया है।
आकासा एयर की ईमेल सेवाएं भी प्रभावित
इंडिगो के बाद आकासा एयर भी माइक्रोसॉफ्ट की इस तकनीकी समस्या से प्रभावित हुई है। एयरलाइन के मुताबिक, आउटेज के कारण ईमेल सपोर्ट में देरी हो रही है और कई ईमेल उस तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
यात्रियों की परेशानी को देखते हुए आकासा एयर ने तत्काल सहायता के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने वाले अपने आकासा केयर सेंटर या सोशल मीडिया चैनलों के जरिए संपर्क करने की सलाह दी है।
एयर इंडिया का मुस्तैद रुख, सभी सेवाएं सामान्य
वहीं, एयर इंडिया ने यात्रियों को राहत देते हुए बताया है कि माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी खराबी का उसकी उड़ानों और कम्युनिकेशन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है। एयरलाइन के सभी संपर्क माध्यम सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
संभावित परेशानी से बचने के लिए एयर इंडिया ने अपनी ईमेल सेवा को अस्थायी रूप से दूसरे रास्ते पर डायवर्ट कर दिया है, ताकि ग्राहकों के संदेश बिना रुकावट पहुंच सकें। एयरलाइन ने भरोसा दिलाया है कि यात्रियों के ईमेल का जवाब तय समय यानी 24 घंटे के भीतर दिया जा रहा है। इसके अलावा वॉयस, एआई और सोशल मीडिया सपोर्ट भी पूरी तरह सक्रिय हैं।
दुनिया भर में Microsoft 365 की सेवाएं बाधित
यह तकनीकी संकट गुरुवार, 12 नवंबर को शुरू हुआ, जब माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में अचानक खराबी आ गई। इसका असर भारत, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में देखने को मिला। इस दौरान आउटलुक और शेयरपॉइंट जैसी माइक्रोसॉफ्ट की प्रमुख सेवाएं प्रभावित हुईं।
हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने स्पष्ट किया है कि इस तकनीकी रुकावट के पीछे किसी साइबर हमले का संकेत नहीं मिला है। कंपनी की ओर से सर्वर और सेवाओं को दोबारा सामान्य करने का काम तेजी से जारी है।


