आज नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ महापर्व, जानिए कद्दू-भात की परंपरा और इस दिन का धार्मिक महत्व

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से हो रही है। इस दिन व्रती स्नान के बाद कद्दू-भात, चने की दाल और अरवा चावल ग्रहण करते हैं।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

डेस्क: चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ आज यानी 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। छठ के पहले दिन व्रती पवित्र स्नान करने के बाद सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। इस दिन कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का भात बनाने की खास परंपरा है। इसी के साथ छठ महापर्व की विधिवत शुरुआत होती है।

नहाय-खाय से होती है पर्व की शुरुआत

छठ महापर्व के पहले दिन यानी नहाय-खाय पर व्रती सुबह जल्दी उठकर स्नान करते हैं। इसके बाद घर की साफ-सफाई की जाती है। इस दौरान शुद्धता और पवित्रता का खास ध्यान रखा जाता है। परंपरा के अनुसार, इस दिन व्रती सात्विक भोजन करते हैं। उनके भोजन में मुख्य रूप से कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का भात शामिल होता है। इसी भोजन को कद्दू-भात कहा जाता है। नहाय-खाय के साथ ही चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व की शुरुआत हो जाती है।

संतान की प्राप्ति और सुरक्षा की कामना

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया यानी षष्ठी देवी और भगवान सूर्य की पूजा करने से निसंतान दंपतियों को संतान सुख की प्राप्ति होती है। साथ ही संतान के जीवन में आने वाली परेशानियां दूर होती हैं और बच्चों पर छठी मैया की कृपा बनी रहती है।

सूर्य देव के प्रति आभार प्रकट करने का पर्व

भगवान सूर्य को जीवन, ऊर्जा और प्रकाश का स्रोत माना जाता है। मान्यता है कि सूर्य के बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है। छठ पर्व के जरिए श्रद्धालु सूर्य देव के प्रति अपना आभार प्रकट करते हैं और प्रकृति के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हैं।

छठ महापर्व से जुड़ी हैं कई पौराणिक कथाएं

छठ पूजा को लेकर कई धार्मिक और पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं। ऐसी ही एक मान्यता राजा प्रियव्रत और रानी मालिनी से जुड़ी है। कहा जाता है कि दोनों संतान प्राप्ति के लिए परेशान थे। बाद में षष्ठी देवी की कृपा से उन्हें संतान सुख मिला। मान्यता यह भी है कि देवी की उपासना से मृत संतान को भी जीवनदान मिला था। तभी से षष्ठी देवी की पूजा की परंपरा शुरू हुई।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।