Chhath Puja 2026: छठ महापर्व हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है। यह पर्व दिवाली के छह दिन बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है। इसी वजह से इसे छठ कहा जाता है। यह चार दिनों तक चलने वाला त्योहार है, जिसमें साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। कठिन नियमों और 36 घंटे के निर्जला व्रत के कारण इसे महापर्व और महाव्रत भी कहा जाता है।

कौन हैं छठी मैया?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मइया सूर्य देव की बहन हैं। छठ पर्व में सूर्य देव और छठी मइया की पूजा की जाती है। इस दौरान व्रती नदी, तालाब या किसी पवित्र जलाशय के किनारे खड़े होकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं।

मान्यता है कि छठी मइया बच्चों की रक्षा करने वाली देवी हैं। उनकी पूजा करने से संतान को सुख, अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु का आशीर्वाद मिलता है।
मार्कण्डेय पुराण के अनुसार, प्रकृति देवी ने अपने आप को छह भागों में बांटा था। उनका छठा अंश षष्ठी देवी कहलाया, जिन्हें बच्चों की रक्षा करने वाली देवी माना जाता है। मान्यता है कि बच्चे के जन्म के छठे दिन भी उनकी पूजा की जाती है।
क्या है छठ व्रत की पौराणिक कथा?
पौराणिक कथा के अनुसार, राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी मालिनी को कोई संतान नहीं थी। संतान प्राप्ति के लिए उन्होंने महर्षि कश्यप से पुत्रेष्टि यज्ञ करवाया। इसके बाद रानी गर्भवती हुईं, लेकिन जन्म के समय उन्हें मृत संतान प्राप्त हुई। इससे राजा बहुत दुखी हो गए।
कहा जाता है कि जब राजा आत्महत्या करने जा रहे थे, तभी उनके सामने षष्ठी देवी प्रकट हुईं। देवी ने उन्हें अपनी पूजा करने की सलाह दी और संतान सुख का आशीर्वाद दिया। इसके बाद राजा और रानी ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी को विधि-विधान से देवी की पूजा की। मान्यता है कि इसके फलस्वरूप उन्हें पुत्र की प्राप्ति हुई।
एक अन्य मान्यता के अनुसार, जब पांडव जुए में अपना राजपाट हार गए थे, तब द्रौपदी ने छठ व्रत किया था। कहा जाता है कि इस व्रत के प्रभाव से पांडवों को उनका खोया हुआ राजपाट वापस मिल गया।


