रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पूरे झारखंड में भक्तिमय माहौल है। घरों से लेकर घाटों तक छठी मइया की आराधना की तैयारियां चल रही हैं। इस आस्था के रंग में खाकी वर्दी वाले जवान भी रंगे नजर आ रहे हैं। राज्यभर में करीब पांच हजार पुलिसकर्मी इस साल छठ का कठिन व्रत कर रहे हैं। हालांकि, पर्व के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी के चलते कई पुलिसकर्मियों को छुट्टी नहीं मिल सकी। ऐसे में छठ मनाने और परिवार के साथ पूजा में शामिल होने की इच्छा रखने वाले कई जवानों को मायूस होना पड़ा है।

विधि-व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक
छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। घाटों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसी वजह से पुलिस विभाग ने छुट्टियों को लेकर सख्ती बरती है और केवल बेहद जरूरी मामलों में ही अवकाश मंजूर किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। ऐसे में एक साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को छुट्टी देना संभव नहीं है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा में जुटे जवान
राज्य के अलग-अलग जिलों और पुलिस वाहिनियों में तैनात कई जवान और अधिकारी ऐसे हैं, जो खुद छठ का व्रत करना चाहते थे या अपने परिवार के साथ इस महापर्व में शामिल होना चाहते थे। लेकिन ड्यूटी की जिम्मेदारी और छुट्टी मंजूर नहीं होने के कारण उन्हें अपनी इच्छा अधूरी छोड़नी पड़ी। एक तरफ छुट्टी पाने वाले पुलिसकर्मी पूरे उत्साह के साथ छठ पूजा की तैयारियों में जुटे हैं और घाटों पर अर्घ्य देने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ ड्यूटी पर तैनात जवान अपनी व्यक्तिगत भावनाओं और मायूसी को पीछे छोड़कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में मुस्तैदी से लगे हुए हैं। उनके लिए इस बार छठ का पर्व अपनी आस्था के साथ-साथ कर्तव्य निभाने की भी परीक्षा बन गया है।


