रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परीक्षार्थी आज से जैक की आधिकारिक वेबसाइट [www.jac.jharkhand.gov.in](https://www.jac.jharkhand.gov.in/) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड की ओर से जारी समय-सारिणी के मुताबिक, छात्र बिना विलंब शुल्क के 26 नवंबर तक परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। वहीं, विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का मौका 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक मिलेगा। सभी परीक्षार्थियों को तय समय सीमा के भीतर अपना परीक्षा फॉर्म जमा करना अनिवार्य है। परीक्षा शुल्क और आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। बोर्ड ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार न करें और समय रहते अपना फॉर्म भर लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो।



