

देवघर: आदिवासी महिला नेत्री निशा भगत की आत्महत्या के मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने बुधवार को देवघर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने शिवलोक परिसर से टावर चौक तक कैंडल मार्च निकाला और दिवंगत निशा भगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
आदिवासी अधिकारों के लिए उठाती थीं आवाज
भाजपा महिला मोर्चा की देवघर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि निशा भगत एक प्रखर महिला नेत्री थीं। वह लगातार राज्य के आदिवासी समुदाय के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए आवाज उठाती थीं। उनका इस तरह दुनिया से चले जाना बेहद दुखद है।
पुलिस प्रशासन की भूमिका पर उठाए सवाल
सचिन रवानी ने आरोप लगाया कि निशा भगत को पुलिस प्रशासन और माफियाओं की ओर से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनके मुताबिक, इसी प्रताड़ना के कारण निशा भगत को आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और घटना के पीछे की परिस्थितियों को सामने लाने की मांग की।
कैंडल मार्च के माध्यम से भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने निशा भगत को श्रद्धांजलि देते हुए उनके लिए न्याय की मांग की। साथ ही राज्य सरकार से मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।


