

गुमला: झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा की कमी आज भी लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनी हुई है। इसकी एक तस्वीर गुमला जिले के घाघरा प्रखंड स्थित ताबिल गांव से सामने आई है। यहां सड़क नहीं होने के कारण एक घायल व्यक्ति को ग्रामीणों ने चारपाई के सहारे करीब ढाई किलोमीटर तक ढोकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इलाज के बाद जब वह वापस लौटा, तो ग्रामीणों को फिर उसी तरह चारपाई पर उठाकर घर पहुंचाना पड़ा।
मवेशी के हमले में टूटा पैर
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को ताबिल गांव निवासी अजय टोपनो पर एक मवेशी ने हमला कर दिया। इस घटना में उनका पैर टूट गया। घायल अजय को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने चारपाई में रस्सी बांधकर उसे बहंगी का रूप दिया। इसके बाद उन्हें करीब ढाई किलोमीटर दूर सलगी माइंस मोड़ तक उठाकर ले जाया गया। वहां से उन्हें लोहरदगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल से लौटने पर भी नहीं मिली राहत
बुधवार को इलाज के बाद अजय टोपनो को वापस गांव लाया गया। लेकिन गांव तक सड़क नहीं होने के कारण वाहन मुख्य सड़क से आगे नहीं जा सका। ऐसे में ग्रामीणों ने दोबारा चारपाई का सहारा लिया और उन्हें उठाकर घर तक पहुंचाया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीणों की परेशानी साफ दिखाई दे रही है।
एंबुलेंस तक पहुंचने का रास्ता नहीं
ग्रामीणों के मुताबिक, ताबिल गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस समेत कोई भी चारपहिया वाहन नहीं पहुंच पाता है। गांव में किसी के बीमार या घायल होने पर उसे चारपाई के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है। इससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफी दिक्कत होती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव तक सड़क निर्माण की मांग कई बार सांसद, विधायक और संबंधित अधिकारियों के सामने उठाई गई, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने एक बार फिर जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से ताबिल गांव तक सड़क बनवाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बन जाने से एंबुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही संभव हो सकेगी। इससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा और भविष्य में किसी घायल या बीमार व्यक्ति को चारपाई पर ढोने की मजबूरी नहीं होगी।


