Bokaro News: बोकारो जिले के केदला क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र के गोसी जंगल में पिछले दस दिनों से करीब 15-16 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। हाथियों का यह झुंड रात के अंधेरे में गांवों के आसपास पहुंच रहा है और किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का झुंड कभी बोकारो नदी पार कर गोसी पहुंचता है, तो कभी बदगांव जंगल की ओर चला जाता है। लगातार हो रही आवाजाही से आसपास के गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

रात एक बजे के बाद गांव के पास पहुंचते हैं हाथी
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से हाथियों का झुंड लगभग हर रात एक बजे के बाद गांव के आसपास पहुंच रहा है। अंधेरे में हाथियों की मौजूदगी के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि हाथियों का झुंड कभी भी गांव में प्रवेश कर सकता है।
किसानों की फसलें बर्बाद, खेतों में जाने से डर रहे ग्रामीण
हाथियों के झुंड ने कई किसानों की फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों के डर से लोग रात में ही नहीं, बल्कि दिन के उजाले में भी आसपास के जंगलों में जाने से बच रहे हैं। किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में भी खतरा महसूस हो रहा है।
लगातार बढ़ रही हाथियों की आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोग किसी अप्रिय घटना की आशंका से डरे हुए हैं।


