चाईबासा में अवैध अफीम की खेती पर टेबो पुलिस सख्त, ग्रामीणों को किया जागरूक

पश्चिमी सिंहभूम के टेबो इलाके में अवैध अफीम की खेती पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बंदगांव प्रखंड के टेबो थाना क्षेत्र अंतर्गत लोटा, गोवाई और मुरुअबेड़ा वनग्राम में पुलिस की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जानकारी दी। साथ ही लोगों को बताया गया कि अफीम की खेती करना, करवाना या इस अवैध गतिविधि में किसी भी तरह का सहयोग देना कानूनन अपराध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

इस दौरान टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी ने ग्रामीणों को चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध अफीम की खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आर्थिक लालच में इस गैरकानूनी कारोबार से जुड़ जाते हैं, जिसका परिणाम उन्हें गंभीर कानूनी कार्रवाई के रूप में भुगतना पड़ सकता है।

थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे ऐसे किसी भी प्रलोभन में न आएं और अपने गांव को नशामुक्त बनाने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आसपास कहीं अवैध अफीम की खेती की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस की ओर से अभियान के तहत गांव के सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए। साथ ही ग्रामीणों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस अवैध खेती के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध अफीम की खेती के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर टेबो थाना के पुलिस जवान भी मौजूद रहे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।