रांची : प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश सचिव सह प्रदेश प्रवक्ता ऋषिकेश सिंह को तेलंगाना सरकार की ओर से हैदराबाद में 12 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित द्वितीय भारत समिट – Forging a New World में विशिष्ट प्रतिनिधि (Distinguished Delegate) के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस अंतरराष्ट्रीय समिट में भारत सहित 100 देशों के प्रतिनिधिमंडलों की भागीदारी प्रस्तावित है। यहां ऋषीकेश सिंह युवा नेतृत्व, राजनीति और समसामयिक सामाजिक-राजनीतिक विषयों पर अपनी बात रखेंगे।

झारखंड से इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व का अवसर मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि ऋषिकेश सिंह ने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और निरंतर संघर्ष, संगठन के प्रति समर्पण एवं मेहनत के बल पर आज झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश सचिव सह प्रदेश प्रवक्ता के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रहे ऐसे अवसर उनके राजनीतिक सफर और संगठनात्मक योगदान की पहचान हैं।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ ऋषिकेश सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि झारखंड कांग्रेस और प्रदेश के युवाओं के लिए भी गर्व का विषय है। उम्मीद है कि वे इस मंच पर झारखंड की आवाज और युवा नेतृत्व की आकांक्षाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करेंगे।
राकेश सिन्हा ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने युवा साथियों की ऐसी उपलब्धियों पर गर्व है।


