श्रीनगर : कश्मीर के पारंपरिक रसोइयों ने बारात के आने में लेट लतीफी से परेशान होकर शादियों में ‘वाजवान’ परोसने के लिए रात 10 बजे की समय-सीमा तय कर दी है। कश्मीर के पारंपरिक रसोइयों को ‘वाजा’ और पारंपरिक कश्मीरी व्यंजनों को सामूहिक रूप से ‘वजवान’ कहा जाता है। शहर के राजौरी कदल इलाके में एक बारात घर में आयोजित सम्मेलन में, ‘वजवान’ को बनाने और उन्हें परोसने वाले रसोइयों (‘वज़ों’) ने उन ‘अमानवीय परिस्थितियों’ पर चर्चा की, जिनका सामना उन्हें शादियों और अन्य समारोहों में मेहमानों को खाना परोसते समय काम करना पड़ता है।

रसोइयों ने सर्वसम्मति से फैसला किया कि वे रात 10 बजे के बाद खाना नहीं परोसेंगे। कश्मीर वाजा संघ के अध्यक्ष गुलाम नबी वाजा ने कहा कि उनके समुदाय ने बहुत लंबे समय तक इसे खामोशी से सहा है। उन्होंने कहा, ‘‘ व्यंजन तैयार करने में कई घंटे लग जाते हैं, और आमतौर पर हम देर रात तक काम करते हैं। इसके बाद, हमें अपराह्न एक बजे से शाम छह बजे तक मध्यान्ह भोजन परोसना होता है, और फिर रात का खाना शुरू होता है।’’ गुलाम नबी वाजा ने शिकायत की कि अगर रसोइए दुल्हन के घर पर खाना बना रहे हैं, तो उन्हें बारात का इंतज़ार करना पड़ता है, जो आमतौर पर आधी रात के बाद ही आती है।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे मामले भी सामने आए हैं जहां दूल्हे के रात एक बजे तक न पहुंचने की वजह से मौलवी निकाह पढ़ाए बिना ही चले गए। हम भी इंसान हैं। इसलिए अब हमने रात 10 बजे की समय-सीमा तय कर दी है।’’ गुलाम नबी वाजा ने कहा कि शादी-ब्याह के भोज में देर से पहुंचना फैशन बन गया है। उन्होंने लोगों से इस बुरी आदत को छोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा, “वाजवान (कश्मीरी दावत) से जुड़े बहुत से लोग हैं और उन्हें भी सम्मानजनक कामकाजी समय पाने का अधिकार है।” कई रसोइयों ने अपने साथ दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत की।
एक रसोइये ने कहा, “उदाहरण के लिए, हमें सोने के लिए उचित जगह तक नहीं दी जाती। हम लंबे समय तक काम करते हैं और अगले दिन की थका देने वाली दिनचर्या के लिए खुद को तैयार करने से पहले हमें कुछ समय आराम करने की जरूरत होती है। मेजबानों को इस बात का ध्यान रखना चाहिए।”


