भाजपा का नोटबंदी लागू करने का फैसला ‘भ्रष्टाचार का सागर’ साबित हुआ : अखिलेश

अखिलेश यादव ने नोटबंदी को भाजपा का भ्रष्टाचार का सागर बताते हुए अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाला फैसला करार दिया। उन्होंने 2047 के विकसित भारत के दावे पर बहस की चुनौती दी।

Archana Ekka
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा नोटबंदी लागू करने का फैसला ‘भ्रष्टाचार का सागर’ साबित हुआ और दावा किया कि वर्ष 2016 के इस फैसले ने भारत की अर्थव्यवस्था को पीछे धकेल दिया। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का दावा करने के लिए सत्तारूढ़ पार्टी को बहस की चुनौती दी और कहा कि नोटबंदी के असर ने देश को आर्थिक रूप से उस स्थिति में ला दिया है, जिसमें वह 1947 में आज़ादी के समय था।

यादव ने एक पत्रकार वार्ता में कहा,‘‘शायद नोटबंदी के नाम पर इतना बड़ा भ्रष्टाचार दुनिया में कहीं और कभी नहीं हुआ होगा, जितना भाजपा के शासन में भारत में हुआ।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला बैंकों को डुबोने के लिए लिया गया था और इसे आर्थिक इतिहास के सबसे भ्रष्ट फैसलों में से एक बताया। उन्होंने कहा,‘‘सच यह है कि भाजपा का यह फैसला ‘भ्रष्टाचार का सागर’ साबित हुआ।’’ यादव ने कहा कि नोटबंदी का कोई भी घोषित उद्देश्य पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में इसका असर एक ‘धीमे जहर’ की तरह रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, वेतनभोगी लोग, पेशेवर, छोटे दुकानदार, व्यापारी, रेहड़ी-पटरी वाले और छोटे कारोबार चलाने वाले सभी लोग नोटबंदी के शिकार हुए। वे अभी तक पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं।’’ सपा प्रमुख ने दावा किया कि नोटबंदी के बाद कई कारखाने बंद हो गए और सरकार की बाद की नीतियों के बावजूद वे फिर से नहीं खुल सके। यादव ने 2,000 रुपये के नोट के चलन में आने का जिक्र करते हुए नोटबंदी के दौरान ‘खजांची’ नाम के एक बच्चे के जन्म का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि ये दोनों लगभग एक ही समय में सामने आए थे।

बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘खजांची’ भी मौजूद थे। नवंबर 2016 में जब नोटबंदी की घोषणा के बाद उसकी मां नोट बदलवाने के लिए बैंक गई थी, तब उसका जन्म बैंक में ही हुआ था। अखिलेश यादव ने ही उस बच्चे का नाम ‘खजांची’ रखा था। तब से समाजवादी पार्टी उसका जन्मदिन मनाती आ रही है और नोटबंदी को लेकर भाजपा की आलोचना करते समय उसकी कहानी का जिक्र करती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खजांची भी मौजूद थे और अखिलेश यादव ने पार्टी के अन्य सदस्यों के साथ उनका जन्मदिन मनाया।

उन्होंने कहा, ‘‘उस समय यह भी कहा गया था कि नोट में एक चिप लगी है। उसी दौरान 2,000 रुपये का नोट भी लाया गया था। अब उस 2,000 रुपये के नोट का क्या हुआ?’’ उन्होंने भाजपा पर अपनी नीतियों के जरिए बैंकिंग प्रणाली को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया और कहा कि इससे छोटे और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) तथा छोटे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने बैंकिंग को साहूकारों से भी ज्यादा खतरनाक बना दिया है। आपका बैंक में खाता है, फिर भी बैंक आपको नुकसान पहुंचा रहा है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राहकों को बैंकों की ओर से पेनल्टी और कटौती का सामना करना पड़ रहा है, और भाजपा के कार्यकाल में बैंक लॉकर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं।

वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने के भाजपा के दृष्टिकोण पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ये लोग 2047 तक विकसित भारत बनाने का दावा कर रहे हैं। लेकिन नोटबंदी जैसे एक गलत फैसले ने भारत की अर्थव्यवस्था को उस स्थिति से भी पीछे धकेल दिया है, जो 1947 में देश की आजादी के समय थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे हमारी बात नहीं मानना चाहते, तो न मानें। इस पर बहस होनी चाहिए। इस बात पर चर्चा हो कि 1947 में आर्थिक स्थिति क्या थी और 2047 में क्या होगी, और इस फैसले ने हमें कितना पीछे धकेल दिया है।’’ केंद्र सरकार ने 8 नवंबर, 2016 को नोटबंदी की घोषणा की थी। इसके तहत काले धन, जाली नोटों और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए पुराने 500 और 1,000 रुपये के नोटों को चलन से बाहर कर दिया गया था। इस फैसले के बाद पूरे देश में बैंकों और एटीएम के बाहर लंबी कतारें लग गई थीं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।