मुंबई: महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाईक के दक्षिण मुंबई स्थित सरकारी बंगले की वातानुकूलन (एसी) यूनिट में बुधवार को आग लग गई। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारियों के अनुसार, आग पूर्वाह्न 11 बजकर 43 मिनट पर राज्य सचिवालय ‘मंत्रालय’ के सामने स्थित नाईक के ‘पावनगढ़ बंगले’ में लगी। घटना के समय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पड़ोसी नवी मुंबई के ऐरोली से विधायक नाईक बंगले में मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को ‘लेवल-एक’ की श्रेणी में रखा गया। इस श्रेणी की आग पर काबू पाने के लिए शुरुआती दमकल संसाधनों का इस्तेमाल किया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजकर 42 मिनट पर आग बुझा दी और बंगले को सुरक्षित कर लिया। एसी यूनिट में आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।



