असम में रेल हादसा: कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से उतरे, कई ट्रेनों को रास्ते में रोका गया

असम के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। रेलवे के मुताबिक सभी यात्री सुरक्षित हैं।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

असम: असम में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में स्थित डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, रेलवे के मुताबिक ट्रेन में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे डिगारू रेलवे स्टेशन पहुंच रही थी। इसी दौरान दूसरी ट्रेन को पहले रास्ता देने के लिए एक्सप्रेस को स्टेशन पर लिया जा रहा था। तभी ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं हो पाई और इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे ने राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की गई है।

दो अन्य ट्रेनों को भी रास्ते में रोका गया

हादसे के बाद रेल यातायात पर भी असर पड़ा। दो अन्य ट्रेनों को रास्ते में ही नियंत्रित करना पड़ा। ट्रेन नंबर 12067 गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जनशताब्दी एक्सप्रेस को पनबारी में रोका गया, जबकि ट्रेन नंबर 15627 कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस को पानीखैती में नियंत्रित किया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे के महाप्रबंधक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।