Ranchi News: रांची से शर्मशार करने वाली घटना सामने आ रही है। जहां, एक मनचले युवक की प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने अपनी पढ़ाई ही छोड़ दी। मामला सदर थाना क्षेत्र के बूटी मोड़ का बताया जा रहा है।

छात्रा से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप
बूटी मोड़ के पास रास्ते में रोककर मारपीट, छेड़छाड़ और अपहरण की धमकी से परेशान और सहमी पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ सदर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपी की पहचान टाटीसिल्वे निवासी शुभम महतो के रुप में की गई है। वह लंबे समय से युवती के पीछे पड़ा था। उसने पीड़िता की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर उसके परिजनों को भी धमकाया है।

जानकारी के मुताबिक, बीते 5 नवंबर की शाम करीब 6 बजे बूटी मोड़ के पास आरोपी शुभम अपने दोस्तों के साथ छात्रा को घेरकर उसके साथ छेड़छाड़ की। जब ने छात्रा ने इसका विरोध किया तो, आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की और सरेराह अपहरण करने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद से छात्रा इतना सहम गई कि उसने डर के मारे कॉलेज जाना ही छोड़ दिया। उसने पीड़िता के साथ उसके भाई को भी घर से बाहर निकलने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
आरोपी के पिता पर भी धक्का देकर निकालने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि जब वह परेशान होकर आरोपी के घर शिकायत करने पहुंची, तो उसके पिता ने भी उसे धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना से तंग आकर छात्रा ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस शिकायत दर्ज कर आगे कार्रवाई में जुट गई है।


