नयी दिल्ली: विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने मंगलवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर हिंदू भावनाओं को आहत करने और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए, उनसे माफी मांगने की मांग की। यह मांग सोनिया गांधी के संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के जारी होने के दिन की गई। विहिप के केंद्रीय संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने आरोप लगाया कि वह मुस्लिम वोट बैंक को रिझाने के लिए दुख जताने का दिखावा कर रही हैं और ‘‘मगरमच्छ के आंसू’’ तथा ‘‘चुनाव के समय के आंसू’’ बहा रही हैं।

जैन ने एक बयान में दावा किया कि जब हिंदुओं पर अत्याचार होते हैं या उनका नरसंहार किया जाता है, तो वह चुप रहती हैं, लेकिन जब आतंकवादियों या मुस्लिम आक्रांताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई की जाती है तो वह चिंता जताती हैं। विहिप महासचिव ने आरोप लगाया कि विदेशी आक्रांता बाबर की क्रूरता के प्रतीक बाबरी ढांचे के विध्वंस पर सोनिया गांधी की आंखों से आंसू छलक आए थे। उनके अनुसार, सोनिया ने तब भी यही बात कही थी, जब दिल्ली को धमाकों से दहलाने वाले आतंकवादी बाटला हाउस में छिपे हुए थे और भारत के बहादुर सुरक्षाकर्मियों ने एक मुठभेड़ में उन आतंकवादियों को जहन्नुम भेज दिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘उन आतंकवादियों ने निरीक्षक मोहन शर्मा को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जो बाद में वीरगति को प्राप्त हुए । लेकिन उन बहादुर अधिकारी के बलिदान पर उनके आंसू नहीं निकले।’’ जैन ने कहा, ‘‘क्या तब उनकी आंखों से आंसू निकले थे, जब कश्मीर घाटी में 350 से ज़्यादा मंदिर तोड़ दिए गए थे? क्या तब उनकी आंखें भर आई थीं, जब कश्मीर घाटी में हिंदुओं का नरसंहार हुआ था और एक मां को अपने बेटे के खून से सने चावल खाने के लिए मजबूर किया गया था?’’ विहिप नेता ने यह भी सवाल उठाया कि क्या दिल्ली में गोहत्या-विरोधी आंदोलन के दौरान संतों की हत्या और निहत्थे ‘कार सेवकों’ की हत्या पर गांधी ने दुख जताया था?
जैन ने पूछा, ‘‘जब बस्तर में नक्सलियों ने उनकी अपनी ही पार्टी के नेताओं की हत्या कर दी थी, तब क्या उनकी आंखों सें आंसू निकले थे? और जब पहलगाम में हिंदू पर्यटकों से उनका धर्म पूछकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, तब क्या वह रोई थीं?’’ विहिप नेता ने कांग्रेस को उसके एक नेता, राशिद अल्वी के उस बयान को लेकर निशाना बनाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि दिवाली से प्रदूषण होता है, लेकिन ईद से वायु गुणवत्ता सूचकांक नहीं बढ़ता। उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव के इस मौसम में ऐसे बयानों की बाढ़ आ गई है, जिनमें मुसलमानों को खुश करने के लिए हिंदुओं का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही। कांग्रेस के ही एक नेता का कहना है कि दिवाली से प्रदूषण होता है, जबकि ईद के दौरान एक्यूआई का स्तर नहीं बढ़ता। क्या उन्हें इस बेहद आपत्तिजनक बयान पर शर्म नहीं आती?’’
उन्होंने आरोप लगाया कि खुद को धर्मनिरपेक्ष कहने वाले सभी दल हिंदुओं का अपमान करके मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि हिंदू समाज उन्हें सबक सिखाएगा।


