चेन्नई: तमिलनाडु के स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने मंगलवार को सत्तारूढ़ टीवीके के विधायक अरुल विग्नेश पर लगे दुर्व्यवहार के आरोपों की निष्पक्ष और विस्तृत जांच का आश्वासन दिया। विधायक पर एक महिला जिलाधिकारी को अनुचित संदेश भेजने का आरोप है। यह विवाद सोशल मीडिया पर सामने आईं उन खबरों के बाद शुरू हुआ, जिनमें आरोप लगाया गया कि कल्लाकुरिची विधानसभा क्षेत्र से विधायक विग्नेश ने जिलाधिकारी जे ई पद्मजा को अनुचित संदेश भेजे थे।

मंत्री ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाला राज्य प्रशासन उत्पीड़न के मामलों में ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति’ अपनाता है, इसमें आरोपी के राजनीतिक जुड़ाव या उसके पद का कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। राजमोहन ने कहा, ”मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाले हमारे प्रशासन में किसी के खिलाफ अगर आरोप लगता है तो उसकी विस्तृत जांच की जाएगी और बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई होगी।”

उन्होंने कहा कि आधिकारिक शिकायत मिलने के बाद विधिवत जांच शुरू की जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले ने सोमवार को उस समय और तूल पकड़ लिया जब द्रमुक सांसद कनिमोई ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के विधायक ने संदेश भेजकर जिलाधिकारी को परेशान किया और बिना पूर्व सूचना के उनके आवास पर भी पहुंचे। हालांकि, विग्नेश ने इन आरोपों को खारिज करते हुए खबरों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि ये द्रमुक की आईटी इकाई द्वारा सुनियोजित तरीके से गलत सूचनाएं फैलाने से जुड़े अभियान का हिस्सा है।


