केनरा बैंक की फर्जी वेबसाइट से 27 लाख ठगने वाले जामताड़ा के दो साइबर अपराधी दिल्ली में गिरफ्तार

जामताड़ा के दो कथित साइबर ठगों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर केनरा बैंक की फर्जी वेबसाइट बनाकर 27.10 लाख रुपये ठगने का आरोप है।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ इकाई ने झारखंड स्थित जामताड़ा के साइबर ठगी गिरोह के दो कथित सरगनाओं को एक बैंक की फर्जी वेबसाइट के जरिए 27.10 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि वे मामले में पांच साल से अधिक समय से फरार थे। पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ से संबद्ध ‘इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस’ (आईएफएसओ) के बयान अनुसार, आरोपियों की पहचान झारखंड के जामताड़ा निवासी मोहम्मद मेहरुद्दीन अंसारी (30) और मोहम्मद अरशद अंसारी (29) के रूप में हुई है। दोनों ने 30 अक्टूबर को पटियाला हाउस अदालत में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि यह मामला जुलाई 2021 का है।

उस समय विश्वजीत पॉल ने शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया था कि चेक से जुड़ी जानकारी लेने के लिए उन्होंने गूगल पर केनरा बैंक का ग्राहक सेवा नंबर खोजा था और इस दौरान मिले एक नंबर पर उन्होंने संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद फोन करने वाले व्यक्ति ने उन्हें एक फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजा जो देखने में केनरा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट जैसी लगती थी। पुलिस के अनुसार, फोन करने वाले के कहने पर शिकायतकर्ता ने वेबसाइट पर अपने बैंक खाते की जानकारी दर्ज कर दी और इसके बाद उनके मोबाइल फोन में एक ऐप डाउनलोड हो गया तथा कुछ समय बाद उनके खाते से आठ अलग-अलग बैंक खातों में 27.10 लाख रुपये धोखाधड़ी से स्थानांतरित कर दिए गए।

इस मामले में आठ जुलाई 2021 को विशेष प्रकोष्ठ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद जांच शुरू की गई। बयान के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर ऐसे साइबर ठगी गिरोह के अहम सदस्य हैं, जो प्रतिष्ठित बैंकों की आधिकारिक वेबसाइट से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बनाते थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य इंटरनेट पर फर्जी विज्ञापन डालकर ग्राहक सेवा के गलत नंबर दिखाते थे। जब कोई ग्राहक इन नंबरों पर फोन करता था तो ठग खुद उसका फोन उठाते थे या फिर शुल्क लेकर अपने दूसरे साथियों को फोन स्थानांतरित कर देते थे। बयान में कहा गया कि इसके बाद ग्राहकों को फर्जी लिंक भेजकर उनकी बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी और इस तरह गिरोह उनके खातों से पैसे निकाले जाते।

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता को केनरा बैंक की जिस फर्जी वेबसाइट से ठगा गया था उसे कथित तौर पर मेहरुद्दीन और अरशद अंसारी ने बनाया था। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें वे लोग भी शामिल थे, जो ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने, उनका संचालन करने और रकम निकालने या स्थानांतरित करने में मदद करते थे। पुलिस ने इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। बाद में छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। फिलहाल ये सभी नियमित जमानत पर बाहर हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।