जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र के रिंग रोड के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने स्कूली बच्चों को ले जा रहे पैसेंजर ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार आठ बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार (नंबर JH05DJ 3955) एक महिला चला रही थी। टेल्को रिंग रोड के पास अचानक कार चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे पैसेंजर ऑटो (नंबर JH05Z 3841) को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो का अगला और साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल बच्चे
स्थानीय लोगों ने तुरंत ऑटो से सभी घायल बच्चों को बाहर निकाला और इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। वहां बच्चों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। सभी घायल बच्चे टेल्को स्थित गुरु नानक स्कूल के छात्र बताए जा रहे हैं। टक्कर मारने के बाद कार चला रही महिला वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गई। सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।व उधर, बच्चों के घायल होने की खबर मिलते ही उनके परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचने लगे। अस्पताल परिसर में परिजनों की चिंता और रोने-बिलखने का माहौल दिखा। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से फरार महिला चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



