रांची: आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की मौत के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार रात इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने का आदेश दिया है। निशा की मौत के बाद से ही राज्य में निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही थी। परिजनों के साथ कई आदिवासी संगठनों और विपक्षी दलों ने भी सीबीआई जांच की मांग की थी।
परिजनों और आदिवासी संगठनों ने उठाई थी CBI जांच की मांग
निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता हांडू भगत और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। परिजनों का आरोप था कि निशा को लगातार मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना था कि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए राज्य पुलिस के बजाय केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए।
सोशल मीडिया लाइव में लगाए थे गंभीर आरोप
जानकारी के अनुसार, रांची के पिठोरिया क्षेत्र में रहने वाली निशा भगत ने अपनी मौत से पहले फेसबुक लाइव के जरिए एक भावुक संदेश साझा किया था। इसमें उन्होंने जमीन माफियाओं और भू-दलालों पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया था।
उन्होंने आदिवासी समाज, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर अपनी सक्रियता का जिक्र करते हुए पुलिस-प्रशासन से सहयोग नहीं मिलने की बात कही थी। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
निशा भगत प्रकरण की जांच अब CBI करेगी। निर्देश दे दिए गए हैं।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) November 10, 2026
पिता की शिकायत पर तीन नवंबर नहीं, 6 नवंबर को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
निशा भगत के पिता हांडू भगत की शिकायत पर 6 नवंबर को पिठोरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और कुछ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया था।
शिकायत में पिता ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को लगातार मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने और सोशल मीडिया के माध्यम से चरित्र को लेकर कथित तौर पर गलत प्रचार किए जाने की बात भी कही थी।
अब CBI जांच में सामने आएगी मामले की सच्चाई
निशा भगत के पिता और आदिवासी संगठनों ने मामले में नामजद लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। अब मुख्यमंत्री के सीबीआई जांच के आदेश के बाद इस मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी करेगी। जांच के दौरान निशा के आरोपों, परिजनों की शिकायत और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।


