देवघर: जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार, 10 नवंबर को कुंडा थाना क्षेत्र के गौरीपुर, तेतरिया और जलाथर समेत कई गांवों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने 50 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की, जबकि शराब बनाने के लिए तैयार रखा गया करीब 400 किलो जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया।
गुप्त सूचना पर कई गांवों में छापेमारी
उत्पाद अधीक्षक बिमला लकड़ा के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया। उत्पाद विभाग की टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब कारोबार में संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें गौरीपुर गांव निवासी कांग्रेस मंडल और तेतरिया गांव निवासी साहेब चौधरी शामिल हैं।
एक आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
छापेमारी के दौरान गौरीपुर निवासी डहरू मंडल मौके से भागने में सफल रहा। उसके खिलाफ फरार अभियोग दर्ज किया गया है। विभाग की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।
अवैध शराब के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
इस छापेमारी अभियान में उत्पाद सब-इंस्पेक्टर कांग्रेश कुमार, एसआइ निलेश कुमार सिन्हा, उत्पाद सिपाही राहुल कुमार समेत उत्पाद विभाग के जवान और सशस्त्र गृहरक्षक शामिल रहे।
उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।


