

Ranchi Municipal Corporation: रांची में छठ महापर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रांची नगर निगम ने कमर कस ली है। शहर के सभी 72 छठ घाटों की साफ-सफाई, पानी की स्वच्छता, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए 15 नवंबर तक की समयसीमा तय की गई है।
मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शहर के तीन प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई जरूरी निर्देश दिए।
सबसे पहले नगर आयुक्त वार्ड संख्या 20 स्थित बड़ा तालाब पहुंचे। यहां काली पूजा के बाद विसर्जित प्रतिमाओं के अवशेष और पूजा सामग्री जमा देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अगले 24 घंटे के भीतर तालाब की पूरी सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मियों को लगाने और पानी की स्वच्छता के लिए फिटकरी और चूना डालने को कहा गया।
इसके अलावा छठ के दौरान बड़ा तालाब मार्ग पर वाहनों की पार्किंग पर रोक रहेगी, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो।
इसके बाद नगर आयुक्त वार्ड संख्या 25 स्थित कडरू तालाब पहुंचे। यहां पानी की सफाई के लिए फिटकरी और ब्लीचिंग पाउडर डालने का निर्देश दिया गया। साथ ही तालाब के आसपास सुरक्षा घेराबंदी मजबूत करने और अवैध रूप से खुलने वाले भवनों के गेट बंद कराने को कहा गया।
वहीं, वार्ड संख्या 48 में बापू वाटिका के पास छप्पन सेठ स्थित नगर निगम के कृत्रिम तालाब का भी निरीक्षण किया गया। यहां अतिरिक्त लाइट लगाने, घास की कटाई कराने और संपर्क रास्तों की विशेष सफाई करने का निर्देश दिया गया।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि 15 नवंबर तक सभी 72 घाटों पर सफाई, स्वच्छ पानी, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था पूरी हो जानी चाहिए।


