पलामू: झारखंड और बिहार में नक्सली गतिविधियों को लेकर चर्चित 10 लाख रुपये के इनामी जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ संजय गोदराम से पलामू पुलिस पूछताछ कर रही है। मुंबई से गिरफ्तारी के बाद पलामू लाए गए संजय को पुलिस ने दो दिनों की रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान पुलिस नक्सली संगठन के छिपाए गए हथियारों और गोला-बारूद की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संजय यादव की निशानदेही पर चलाए गए तलाशी अभियान में एक एसएलआर राइफल और करीब 200 गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से हथियारों के अन्य ठिकानों और संगठन की गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।
2011 से संगठन में था सक्रिय
संजय यादव पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित देवगन गांव का निवासी है। बताया जाता है कि वह वर्ष 2011 से नक्सली संगठन में सक्रिय था। उस पर झारखंड और बिहार में 63 से अधिक बड़े नक्सली हमलों में शामिल होने का आरोप है। झारखंड सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये, जबकि बिहार सरकार ने तीन लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई
पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि संजय गोदराम को दो दिनों के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मिलने वाली जानकारियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का सर्च अभियान भी जारी है।


