Jharkhand News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 20 वर्षीय महिला दीपिका पूर्ति का शव उसके घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना सोमवार की है। खास बात यह है कि सोमवार को ही दीपिका का जन्मदिन था। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। फिलहाल महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

स्कूटी की चाबी मांगने पर हुआ था विवाद
Jharkhand News: यह घटना मंझारी थाना क्षेत्र के तांतनगर ओपी अंतर्गत चिरुबासा के मरंगसाई गांव की है। जानकारी के अनुसार, दीपिका ने अपने जन्मदिन के मौके पर घर के सभी सदस्यों के लिए पकवान बनाए थे। परिवार के लोग मेला घूमने जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दीपिका के पति सेलाई पूर्ति ने अपने दोस्त के पैसे बैंक से निकालने के लिए उससे स्कूटी की चाबी मांगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पति सेलाई के अनुसार, विवाद के बाद वह घर से बाहर चला गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा, तो दीपिका का शव घर के अंदर दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला।

Jharkhand News: तीन बच्चों की मां थी दीपिका
बताया जा रहा है कि दीपिका तीन बच्चों की मां थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मंगलवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। फिलहाल मौत के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


