

Deoghar news: देवघर जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। जिले में 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
अभियान को सफल बनाने के लिए समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि अभियान के पहले दिन यानी बूथ डे पर ही 80 प्रतिशत से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य पूरा किया जाए।
इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा, समाज कल्याण, पंचायती राज, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग और नगर निगम को आपसी तालमेल के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में डीडीसी ने कहा कि भारत भले ही पोलियो मुक्त हो चुका है, लेकिन पड़ोसी देशों में संक्रमण के मामले सामने आने के कारण खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। इसलिए बच्चों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को समय पर बैठक कर अभियान की तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
वहीं, अभिभावकों से भी अपील की गई है कि 22 से 24 नवंबर के बीच अपने पांच साल तक के हर बच्चे को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं।


