रामगढ़ : रामगढ़ जिले के भुरकुंडा न्यू बैरक स्थित बंद पड़ी खदान के पास बीती रात एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह भुरकुंडा कोयलांचल क्षेत्र के पूर्व मुखिया द्वारिका करमाली के पुत्र थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।

सूचना मिलते ही भुरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।



