

रांची: राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 3 लाख 70 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 7,850 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
बंद मकानों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दिन के समय बंद घरों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश महतो, विनय कुमार वर्मा, विनायक कुमार सोनी और दीपक उरांव उर्फ लड्डू शामिल हैं।
जांच में सामने आया है कि आकाश मूल रूप से हरियाणा के कुरुक्षेत्र का रहने वाला है। वह कथित तौर पर वहां कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। बाद में वह रातू थाना क्षेत्र के आमटांड़ में अपनी पत्नी के साथ किराये के मकान में रहने लगा था।
हरियाणा के थानों में भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक, आकाश महतो के खिलाफ हरियाणा के कुरुक्षेत्र और करनाल के विभिन्न थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने रातू थाना क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
600 ग्राम चांदी और सोने के आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 600 ग्राम चांदी और 15 से 20 ग्राम सोने के आभूषण समेत अन्य सामान बरामद किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 3.70 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 7,850 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी मिला है।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय द्वितीय अजय आर्यन ने किया। अभियान में रातू थाना प्रभारी आदिकान्त महतो समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।


