जमशेदपुर: मानगो क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने और भविष्य में बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए मानगो जलापूर्ति योजना के फेज-2 की तैयारियां तेज हो गई हैं। लगभग 23 करोड़ रुपये की इस परियोजना से क्षेत्र की जलशोधन क्षमता 48 एमएलडी से बढ़ाकर 80 एमएलडी की जाएगी। इससे करीब 10 हजार नए घरों तक पेयजल पहुंचाने की तैयारी है। योजना के तहत 32 एमएलडी क्षमता का एक अतिरिक्त वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही इंटकवेल के तकनीकी ढांचे में बदलाव और रॉ वाटर पाइपलाइन का विस्तार किया जाएगा। मौजूदा 700 एमएम व्यास की पाइपलाइन को अपग्रेड कर 1000 एमएम किया जाएगा, जिससे जलशोधन संयंत्र तक पर्याप्त कच्चा पानी पहुंच सके l

पाइपलाइन विस्तार के लिए 3.35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे बालिगुमा, संकोसाई, तुरियाबेड़ा और आसपास के बागान क्षेत्रों जैसे सीमावर्ती मोहल्लों को मुख्य जलापूर्ति नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। इन इलाकों के लोगों को लंबे समय से नियमित जलापूर्ति की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए मानगो गांधी मैदान में 13 लाख लीटर क्षमता की नई जलमीनार बनाई जाएगी। इसके अलावा जोन-1 के कुमरूम बस्ती क्षेत्र में 6 लाख लीटर क्षमता की टंकी का निर्माण प्रस्तावित है। जोन-2 के डिमना क्षेत्र में भी जलापूर्ति संतुलित रखने के लिए अतिरिक्त टंकी बनाने की योजना है। परियोजना की तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद निविदा आमंत्रित कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इस योजना के पूरा होने से मानगो के हजारों परिवारों को नियमित और बेहतर पेयजल आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।



