रांची: झारखंड में जिन पात्र मतदाताओं का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें अब एक और मौका मिलने जा रहा है। ऐसे मतदाता अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए 18 नवंबर को अपने मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंच सकते हैं। यह कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान अनुपस्थित, शिफ्टेड और डुप्लीकेट की सूची में शामिल मतदाताओं से जुड़े मामलों का निपटारा किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं।

कैंप के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बीएलओ, बीएलओ-टू और चुनावी पाठशाला की छठी बैठक भी आयोजित होगी। इसमें मतदाताओं की पात्रता का सत्यापन किया जाएगा और उन्हें अंतिम रूप से चिह्नित किया जाएगा। इस मौके पर सुबोध कुमार और धीरज ठाकुर सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

अपात्र मतदाताओं की सूची भी होगी प्रकाशित
सुनवाई और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाए गए लोगों की नामवार सूची प्रपत्र-3 में प्रकाशित की जाएगी। बीएलओ मतदान केंद्र पर मौजूद सभी सदस्यों के सामने इस सूची को पढ़कर सुनाएंगे। इसका उद्देश्य आम नागरिकों और राजनीतिक दलों को सूची पर अपने सुझाव और आपत्तियां देने का अवसर देना है। इसके बाद प्राप्त सुझावों और आपत्तियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छूटे हुए पात्र मतदाताओं से भरवाया जाएगा प्रपत्र-6
बीएलओ निर्धारित प्रक्रिया के तहत जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र और घोषणा पत्र प्राप्त करेंगे। मतदान केंद्र क्षेत्र के ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिन्होंने अब तक प्रपत्र-6 नहीं भरा है, उनसे आवेदन, घोषणा पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज लिए जाएंगे। इसके बाद उनके मामलों में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को एक और निर्देश दिया है। इसके तहत चिह्नित मतदाताओं की सूची तय प्रारूप में तैयार कर 19 नवंबर को सुबह 11 बजे तक गूगल शीट के माध्यम से विभाग को उपलब्ध करानी होगी।


