हजारीबाग: हजारीबाग नगर निगम के नगर आयुक्त प्रेस क्लब भवन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने प्रेस क्लब कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुरारी सिंह और नगर आयुक्त के बीच तीखी बहस हो गई। घटना के बाद मामला और गरमा गया। प्रेस क्लब अध्यक्ष मुरारी सिंह के अनुसार, पत्रकारों ने नगर निगम की ओर से करीब 9 लाख रुपये का काम पहले ही कराए जाने और इसके बाद टेंडर जारी किए जाने से संबंधित खबर प्रकाशित की थी। बताया जा रहा है कि इसी खबर से नाराज होकर नगर आयुक्त बिना पूर्व नोटिस प्रेस क्लब कार्यालय पहुंचे और भवन से जुड़े दस्तावेजों की जांच करने लगे।

मुरारी सिंह ने आरोप लगाया कि इस दौरान नगर आयुक्त और उनके साथ पहुंचे सरकारी अधिकारियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। इस घटना से नाराज प्रेस क्लब अध्यक्ष ने संबंधित थाने में लिखित आवेदन देकर मामले की शिकायत की है। घटना के बाद पत्रकारों के बीच भी नाराजगी देखी जा रही है। अब इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई और प्रशासन का पक्ष सामने आने का इंतजार है।



