रांची: छठ महापर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शहर के कई छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीसी ने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके लिए सभी जरूरी सुरक्षात्मक उपाय समय रहते पूरे करने होंगे। डीसी ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) और पावर हाउस तालाब स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया।

पानी में तीन फीट के बाद होगी बैरिकेडिंग
घाटों पर पानी के स्तर और गहराई को देखते हुए DC ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पानी में तीन फीट की गहराई के बाद बैरिकेडिंग की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति तय सुरक्षित सीमा से आगे न जा सके। इसके अलावा गहरे और खतरनाक जल वाले स्थानों की पहचान कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा गया है। अत्यंत संवेदनशील छठ घाटों पर NDRF और SDRF की टीमें तैनात रहेंगी। जरूरत के मुताबिक गोताखोरों, बचाव दल और अन्य आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। डीसी ने सभी पूजा समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने को भी कहा है, जिससे आपात स्थिति में समय पर मदद मिल सके।

घाटों तक पहुंचने के रास्ते होंगे दुरुस्त
श्रद्धालुओं और व्रतियों को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए डीसी ने एप्रोच रोड पर डस्ट डालकर रास्तों को समतल और सुगम बनाने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और बिजली की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन सुचारु रखने के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। इसके अलावा फिसलन वाली जगहों को सुरक्षित बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
नगर निगम क्षेत्र से बाहर के घाटों पर भी होंगे इंतजाम
DC ने नगर निगम क्षेत्र के बाहर स्थित छठ घाटों पर भी सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम समय पर पूरे करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि स्थानीय पूजा समितियों और विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर तैयारियां पूरी की जाएं। सभी घाटों पर जरूरत के अनुसार प्रशासनिक और पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी रखने को भी कहा गया है।


